शुक्रवार, 12 अप्रैल 2024

गोण्डा- विधानसभा चुनाव 2022 में 45% से कम वोटिंग वाले 100 से ज्यादा बूथों को किया गया चिन्हित, चिन्हित बूथों/ग्राम पंचायतों में मंगल दल संभालेंगे मतदाता जागरूकता की कमान

शेयर करें:
दो टूक, गोण्डा- जिलाधिकारी नेहा शर्मा की अगुवाई में जिला प्रशासन द्वारा आगामी लोकसभा चुनाव में शत प्रतिशत मतदान के लिए हर संभव प्रयास किए जा रहे हैं। हर घर सकोरा अभियान जैसे अभिनव प्रयोग के बाद अब एक ओर अनूठी पहल की गई है। जिला प्रशासन की तरफ से विगत विधानसभा चुनाव 2022 मे 45 प्रतिशत से कम वेटिंग वाले बूथों/ ग्राम पंचायतों को चिन्हित किया गया है। इन बूथों/ ग्राम पंचायतों पर विशेष मतदाता जागरूकता कार्यक्रम संचालित किए जाएंगे। कार्यालय जिला युवा कल्याण एवं प्रादेशिक विकास दल अधिकारी को इसकी जिम्मेदारी सौंपी गई है। जिलाधिकारी नेहा शर्मा ने बताया कि मंगल दलों के बीच प्रतिस्पर्धा का आयोजन किया जाएगा। यह अपने चिन्हितों बूथों/ ग्राम पंचायतों पर विशेष मतदाता जागरूकता कार्यक्रम संचालित करेंगे। आगामी 20 मई को मतदान होना है, 45 प्रतिशत से कम वोटिंग वाले इन बूथों/ ग्राम पंचायतों में जिसका मतदान प्रतिशत सर्वाधिक रहेगा, वहां अभियान चलाने वाले मंगल दल को सम्मानित किया जाएगा।   

उल्लेखनीय है कि गोण्डा जनपद में लोकसभा चुनाव पांचवें चरण यानी 20 मई को होना है। गोण्डा में 25.30 लाख पंजीकृत मतदाता हैं, जिनमें 13.50 लाख पुरुष, 11.82 लाख महिलाएं और 94 ट्रांसजेंडर हैं। साल 2019 के लोकसभा चुनाव में, इस चुनाव क्षेत्र में 52.2 प्रतिशत मतदान रहा था, जो कि राज्य औसत 59.21 प्रतिशत से कम था। इसी क्रम में आगामी 2024 आम चुनावों में भागीदारी बढ़ाने के लिए प्रयास जारी हैं। इस विशेष जागरूकता अभियान की शुरुआत आगामी 14 अप्रैल से की जाएगी। जिला युवा कल्याण एवं प्रादेशिक विकास दल अधिकारी ने बताया कि 45 प्रतिशत से कम वेटिंग वाले 100 से ज्यादा बूथों/ ग्राम पंचायतों को चिन्हित किया गया है। उन्होंने बताया कि युवक/ महिला मंडल दल के सदस्यों के द्वारा चौपाल का आयोजन किया जाएगा। वह घर-घर जाकर लोगों को प्रेरित करेंगे। ग्राम पंचायतों में साइकिल रैली के साथ ही बैठक, संगोष्ठी, शपथ कार्यक्रम, खेल-कूद समेत अन्य गतिविधियों से माध्यम से जागरूक किया जाएगा। उन्होंने बताया कि इन आयोजनों की प्रतिदिन की रिपोर्ट प्रस्तुत की जाएगी।