शुक्रवार, 10 मई 2024

गोण्डा- मुंडन कराकर घर लौट रहे सवारों की स्कॉर्पियो की ट्रक से हुई भिड़ंत, 3 की मौत व कई घायल

शेयर करें:
दो टूक, गोण्डा- जिले के थाना वजीरगंज क्षेत्र अंतर्गत गोण्डा- अयोध्या मार्ग पर शुक्रवार दोपहर हुई भीषण सड़क दुर्घटना मे 1 महिला व 1 पुरुष (चालक) सहित 10 साल के 1 मासूम की मौके पर दर्दनाक मौत होने से हाहाकार मच गया। ट्रक व स्कॉर्पियो की आमने सामने हुई भिड़ंत मे स्कॉर्पियो पूरी तरह से टूटकर क्षतिग्रस्त हो गई। सूचना पर घटनास्थल पर पहुंची वजीरगंज पुलिस ने तत्परता दिखाते हुए सभी घायलों को उपचार के लिए जिला अस्पताल में भर्ती कराया। जहां कहीं घायलों की स्थिति नाजुक बनी हुई है। एएसपी गोण्डा पश्चिमी राधेश्याम राय ने बताया की तीन लोगो की मौत हुई और अन्य कई लोग गंभीर घायल है, जिनका इलाज शुरू है।

दरअसल, वजीरगंज थाना क्षेत्र अंतर्गत अयोध्या- गोंडा हाईवे पर स्थित राजा सगरा के पास, मुंडन कराकर शुक्रवार को दोपहर में लौट रही एक तेज रफ्तार स्कार्पियो गोंडा की ओर से आ रहे ट्रक में भिड़ गई। इसमें चालक समेत एक महिला व दस वर्षीय मासूम की घटनास्थल पर ही दर्दनाक मौत हो गई व आठ लोग गंभीर रुप से घायल हो गए। मिली जानकारी के अनुसार यह दुर्घटना शुक्रवार दोपहर करीब एक बजे के आस पास हुई। अयोध्याधाम से 15 लोग स्कॉर्पियो में सवार होकर मुंडन संस्कार कराकर घर वापस लौट रहे थे। इसी दौरान वजीरगंज थानाक्षेत्र के गोंडा अयोध्या राजमार्ग के राजा सगरा के पास ट्रक और स्कॉर्पियो की आमने- सामने टक्कर हो गई। टक्कर इतनी जोरदार थी कि आसपास क्षेत्र में हड़कंप मच गया। वही
स्कॉर्पियो के परखच्चे उड़ गए। इस हादसे में एक महिला, एक पुरुष और एक बच्चे की मौके पर ही दर्दनाक मौत हो गई। जबकि आठ अन्य लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। बताया जाता है कि दुर्घटना के बाद स्कॉर्पियो में सवार लोगों को स्कॉर्पियो से निकालने में कड़ी मशक्कत करनी पड़ी।

भीषण सड़क हादसे में वजीरगंज थाना क्षेत्र अंतर्गत नगवा गांव के रहने वाले 50 वर्षीय मातादीन पुत्र इंद्रबली स्कॉर्पियो चालक, नवाबगंज थाना क्षेत्र के विसनोहरपुर गांव निवासिनी 40 वर्षीय रानी पत्नी आनंद तिवारी और वजीरगंज थाना क्षेत्र के नगवा गांव के निवासी शिवपूजन मिश्रा के 10 वर्षीय पुत्री की मौत हो गई। दुर्घटना में वजीरगंज थाना क्षेत्र अंतर्गत नगवा गांव की रहने वाली 28 वर्षीय मोहिनी मिश्रा पुत्री धर्मदत्त मिश्रा, 45 वर्षीय नेहा मिश्रा पत्नी धर्म दत्त मिश्रा, 30 वर्षीय प्रीति तिवारी पत्नी महेश मिश्रा, 28 वर्षीय हिमेश पुत्र धर्म दत्त मिश्रा, और 22 वर्षीय आदर्श पांडेय पुत्र कमलेश पांडेय, वजीरगंज थाना क्षेत्र के बरईपारा गांव की रहने वाली 14 वर्षीय रोली तिवारी पुत्री ध्रुवराज तिवारी गंभीर रूप से घायल हैं, वही स्कॉर्पियो में सवार गोंडा देहात कोतवाली क्षेत्र के रामनगर तरहर गांव की रहने वाली 21 वर्षीय लक्ष्मी तिवारी पुत्री इकबाल तिवारी और देहात कोतवाली क्षेत्र के ताजपुर गांव की रहने वाली 14 वर्षीय अंशिका पांडेय पुत्री विनोद पांडेय गंभीर रूप से घायल हैं। इन्हे इलाज के लिए जिला चिकित्सालय में भर्ती कराया गया है। वजीरगंज थाना प्रभारी अभय कुमार सिंह ने बताया कि दुर्घटना की सूचना मिलते ही मौके पर पहुंचकर सभी घायलों को इलाज के लिए जिला अस्पताल पहुंचाया गया है जहां सभी का इलाज जारी है।