बुधवार, 22 मई 2024

गोण्डा- दो दिनों मे तीन लोगो ने फांसी लगाकर दी जान, इटियाथोक पुलिस ने की आवश्यक कार्रवाई

शेयर करें:
दो टूक, गोण्डा- जिले के थाना क्षेत्र इटियाथोक मे अलग अलग स्थानो पर दो दिनों मे तीन लोगो ने फांसी लगाकर अपनी जान दे दी है। इन घटनाओ से गांव व क्षेत्र में कोहराम मच गया। पुलिस ने लिखा पढ़ी कर आवश्यक कार्रवाई की है। बुधवार को क्षेत्र के दो गांवो में दो व्यक्तियों ने फांसी लगाकर अपनी जान दे दी, जबकि मंगलवार को एक व्यक्ति ने घर मे फांसी लगाकर आत्महत्या की। मिली जानकारी के अनुसार बुधवार की प्रथम घटना कुरसहा पंचायत के रायपुर ब्रह्मचारी मजरे की है। गांव निवासी राम भुलावन कश्यप ने बुधवार तड़के छत के हुक में रस्सी का फंदा बनाकर फांसी लगाकर जान दे दी। बताया जाता है की राम भुलावन कुवैत में रहता था। तीन माह पूर्व घर आया था। उसकी पत्नी मुन्नी देवी व उसके बच्चे मायके में थे।मृतक के माता पिता का पहले ही देहांत हो चुका है।

वही दूसरी घटना क्षेत्र के गनवरिया गांव मे हुई। यहाँ के मनीष शुक्ला बुधवार सुबह 11 बजे अपने घर का दरवाजा बंद करके अपने गमछा का फंदा बनाकर फांसी लगा लिया। घटना के वक्त मृतक की मां घर में मौजूद नही थी। मनीष के एक बेटा व दो बेटियां हैं।उसकी ससुराल निबिहा परसापुर में है। वह अपनी पत्नी व बच्चे को एक दिन पूर्व ससुराल छोड़कर आया था। भाई व पिता की पहले ही मृत्यु हो चुकी है। अब घर में उसकी मां अकेली बची है। थाना के निरीक्षक अपराध रमाशंकर राय ने बताया कि दोनों शवों का पंचनामा करने‌ के बाद पीएम को भेजा गया है।

इसी क्रम मे स्थानीय थाना क्षेत्र के मोहनपुर असिधा गांव में पति- पत्नी के विवाद में मंगलवार को पति ने खौफनाक कदम उठा लिया और फांसी लगाकर जान दे दी। पुलिस ने आवश्यक कार्रवाई पूर्ण की। बताया जाता है की गांव निवासी शिवपूजन (30) पुत्र रामअवध गौतम अपनी पत्नी को ससुराल ले जाने के लिए काफी दिनों से प्रयासरत था। लेकिन वह चलने को राजी नहीं हुई। दोनों के बीच इस बात को लेकर कोर्ट में मुकदमा भी हुआ। बताया जा रहा है कि इसी बात को लेकर युवक काफी दिनों से मानसिक तनाव में था। आखिरकार, मंगलवार की शाम को युवक ने अपने ही घर में छत के कुंडे में रस्सी के सहारे फांसी लगाकर अपनी जीवन लीला समाप्त कर लिया। मृतक का विवाह करीब आठ वर्ष पूर्व बहराइच जनपद के विशेश्वरगंज थाना अतर्गत सरकाही गांव में हुआ था।