मंगलवार, 21 मई 2024

मऊ : सपा प्रत्याशी ने दी कार्यकर्ताओं को दी अति आत्मविश्वास से बचने की नसीहत ।||Mau: SP candidate advised workers to avoid overconfidence.||

शेयर करें:
मऊ : 
सपा प्रत्याशी ने दी कार्यकर्ताओं को दी अति आत्मविश्वास से बचने की नसीहत ।
दो टूक : पूर्व कैबिनेट मंत्री तथा अमरोहा से लगातार छह बार विधायक महबूब अली ने केंद्रीय चुनाव कार्यालय में मंगलवार को समाजवादी पार्टी के कार्यकर्ताओं की बैठक ली। इसमें सपा के सभी फ्रंटल संगठनों के अध्यक्ष, नगर पालिका और नगर पंचायत अध्यक्ष, विधानसभा क्षेत्र के पदाधिकारियों के साथ लोकसभा चुनाव की तैयारियों में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रहे ज्यादातर कार्यकर्ता शामिल हुए। समाजवादी पार्टी तथा इंडिया गठबंधन के घोसी लोकसभा क्षेत्र से प्रत्याशी राजीव राय ने बताया कि संसाधन की व्यवस्था करने की जिम्मेदारी उन्होंने संगठन के ऊपर छोड़ रखी है। उन्होंने घोसी विधानसभा चुनाव में युवजन सभा के प्रदेश अध्यक्ष अरविंद गिरि के किचेन, गाड़ी सहित कई अन्य जिम्मेदारियों का निर्वहन बहुत अच्छे ढंग से करने के कारण उनसे लोकसभा चुनाव तक घोसी छोड़कर नहीं जाने तथा इन जिम्मेदारियों को स्वयं के ऊपर ले लेने का निवेदन किया जिसे उन्होंने स्वीकार कर लिया। उन्होंने कहा कि राजनीति और क्रिकेट में आखिरी वोट और आखिरी गेंद तक महत्वपूर्ण होते हैं। इसलिए अति आत्मविश्वास में लापरवाही से बचें। वह जनसंपर्क के दौरान ठाकुर बिरादरी से मिल रहे अपार समर्थन से बहुत ही उत्साहित नजर आए। बावजूद इसके और बेहतर करने की गुंजाइश बनाए रखने का निवेदन किया। उन्होंने ओम प्रकाश बागी, शिवचंद राम तथा अरविंद पाण्डेय की सक्रियता की प्रशंसा करते हुए उन्हें गांवों-गांवों में बूथ और सेक्टर को स्वयं की निगरानी में मजबूत करने का निवेदन किया। 
   अमरोहा से विधायक महबूब अली ने कार्यकर्ताओं की अब तक की मेहनत की भरपूर सराहना की और इसके दम पर राजीव राय की विजय के प्रति आश्वस्त किया। उन्होंने चुनाव जीतने के लिए कार्यकर्ताओं को एक-दूसरे से सामंजस्य बनाकर काम करना जरूरी बताया। उन्होंने कहा कि चुनाव बूथों के दम पर लड़े जाते हैं। उन्होंने चुनाव तैयारियों में लागे वाहनों, कार्यालयों, कार्यकर्ताओं के भोजन आदि की व्यवस्था के बारे में जानकारी ली। उन्होंने कहा कि मैं आज तक जहां भी गया, वहां पर हारा नहीं हूं। इस पर लोगों ने यहां से भी जीत के प्रति आश्वस्त किया। उन्होंने लोगों से कहा कि आप सभी को स्वयं को राजीव राय और अखिलेश यादव यादव बन कर चुनाव लड़ना होगा। इस चुनाव में हर व्यक्ति गठबंधन के रंग में रंग चुका है। यह चुनाव यह निर्णय करेगा कि आरक्षण बचेगा या नहीं? संविधान बचेगा या नहीं? युवाओं को नौकरी मिलेगी या नहीं?
  इस दौरान उन्होंने कुछ हल्के अंदाज में भी संवाद किये। विधायक सुधाकर सिंह के पुत्र तथा पूर्व प्रमुख सुजीत सिंह को देखकर कहा कि बाप को बाप की उम्र के लोगों के बीच रहना है और बेटे को युवाओं के बीच रहना है। उनका संकेत सुधाकर सिंह को अपने साथ रखने का था। उन्होंने सरकार की ज्यादतियां झेलकर भी हमेशा संघर्षशील रहने के लिए राजीव राय की प्रशंसा की।
  बैठक को मोहम्मदाबाद गोहना के विधायक राजेंद्र कुमार, विधान परिषद सदस्य राम जतन राजभर, जिलाध्यक्ष दूधनाथ यादव, पूर्व डीआईओएस तथा अंबेडकर वाहिनी के जिलाध्यक्ष शिवचंद राम, पूर्व जिलाध्यक्ष शिव प्रताप यादव मुन्ना, संतोष सिंह, सीताराम कुशवाहा, पंकज उपाध्याय, राम समुझ पटेल, श्वेता, राम प्रकाश यादव, पूजा राय, मिट्ठू राजभर, रणधीर सिंह, राजेश यादव, अशोक पाल, अनुराग आर्य, हरदीप मिश्रा, नगर पालिका के पूर्व चेयरमैन तैयब पालकी, राजेन्द्र पांडे आदि ने संबोधित किया।