बुधवार, 12 जून 2024

गोण्डा- डीएम नेहा शर्मा ने जनपद में पूर्ण किया एक साल का कार्यकाल, डीएम के ऐतिहासिक फैसलों से स्वच्छता, विकास और सुशासन के पथ पर जनपद, जनता से सीधा संवाद और शिकायतों के त्वरित निस्तारण से बढ़ा है जनपदवासियों का भरोसा, मजबूत प्रबंधन और दृढ़ इच्छशक्ति के बल पर लोकसभा चुनाव को शांतिपूर्ण एवं निष्पक्ष ढ़ंग से कराया सम्पन्न

शेयर करें:
दो टूक, गोण्डा- जिलाधिकारी नेहा शर्मा ने जनपद गोंडा में अपने एक साल का कार्यकाल पूरा कर लिया है। उन्होंने 12 जून 2023 को जिले की बागडोर संभाली थी। इन चंद महीनों में ही उन्होंने बदलते गोंडा की नई तस्वीर खींच दी है। कभी प्रदेश के पिछड़े जिलों में गिना जाने वाला गोंडा आज स्वच्छता, विकास और सुशासन के पथ पर अग्रसर है। उनके बेहतरीन प्रबंधन और दृढ़ इच्छा शक्ति का ही नतीजा है कि जनपद में लोकसभा चुनाव शांतिपूर्ण एवं निष्पक्ष ढंग से सम्पन्न हो गए। 

बात चाहें, सरकारी योजनाओं का लाभ अन्तिम पायदान पर बैठे व्यक्ति तक पहुंचाने की हो या जनपद में विकास के नए आयाम तलाशने की, नेहा शर्मा जनपदवासियों के लिए एक उम्मीद बनकर आई हैं। ग्राम चौपाल, जनता दर्शन, शिकायतों के त्वरित निस्तारण जैसी कोशिशों से जहां जनता के दिलों में जगह बनाई है। वहीं, भ्रष्टाचार के प्रति जीरो टॉलरेंस की नीति को प्रभावी ढंग से लागू कर सिस्टम के प्रति लोगों का विश्वास जगाया है। उनकी दूरदर्शी सोच का नतीजा है कि प्रोजेक्ट वनटांगिया जैसे सफल अभियानों से वर्षों से जंगलों में जीवन जीने को मजबूर इस पिछड़े समुदाय को समाज की मुख्य धारा से जोड़ने की पहल की गई। लोगों के जीवन में बदलाव लाने के साथ ही जनपद की तस्वीर भी बदली है। 

जिलाधिकारी ने प्रशासन को आम जनपदवासियों तक पहुंचे की दिशा में पहला कदम जून 2023 में ग्राम चौपाल के रूप में उठाया। जिलाधिकारी ने स्वयं शिकायतों की सुनवाई का फैसला लिया। बात सिर्फ सुनवाई तक सीमित नहीं रखी। सभी अधिकारियों को इनका त्वरित समाधान सुनिश्चित करने के भी निर्देश दिए। जिलाधिकारी स्वयं एक-एक शिकायत पर समीक्षा की। ग्राम चौपाल 1.0 की सफलता के बाद अब आगामी 21 जून से ग्राम चौपाल 2.0 की भी शुरुआत की जा रही है। 

स्वच्छ भारत के संदेश को हर जनपदवासी तक पहुंचाने के लिए जिलाधिकारी ने अगस्त 2023 में मेरा गोण्डा, मेरी शान अभियान की शुरुआत की गई। प्रदेश के किसी भी जिले में आयोजित अब तक के सबसे बड़ा स्वच्छता अभियान शुरू किया गया। अभियान का विस्तार ग्रामीण और नगरीय क्षेत्रों में किया गया। जनभागीदारी सुनिश्चित करने के लिए स्वच्छता के इस महाभियान को जनपद की पहचान से जोड़ा गया। स्वच्छा वॉरियर के रूप में युवा इसका हिस्सा बन रहे हैं। क्विक रेस्पॉरेंस टीम के माध्यम से स्वच्छता संबंधी शिकायतों का त्वरित निस्तारण सुनिश्चित किया जा रहा है। इसके अच्छे नतीजे भी आए। 

छह माह पूर्व जिलाधिकारी द्वारा शुरू किए गए शहर के सौंदर्यीकरण का कार्य अब दिखने लगा है। गोंडा शहर के सार्वजिनक स्थलों की जो दीवार कभी गंदगी का कहानी बयां करती थी वह आज मिशन शक्ति वॉल और स्वीप वॉल के रूप में बदलाव का संदेश को जन-जन तक पहुंचा रही हैं। अदम गोंडवी मैदान की दीवार पर बनी एसडीजी वॉल विकास के प्रति प्रशासन की प्रतिबद्धता को दर्शा रही है। शहर के पुराने सकरा तालाब, रेलवे स्टेशन के साथ के तालाब समेत कई स्थलों को संरक्षित करने का कार्य किया गया है। 

सरकार की मंशा के अनुरूप जिलाधिकारी ने गोण्डा के नवाबगंज और मनकापुर विकासखंड के वनटांगिया ग्रामों में रहने वाले वनवासियों को विकास की मुख्य धारा से जोड़ने की कवायद शुरू की। विकास को गांववासियों की दहलीज तक पहुंचाने के लिए सबसे पहले सड़क निर्माण का कार्य किया गया। आजादी के 76 वर्षों के बाद भी बिजली जैसी आवश्यक सेवा से वंचित इस समुदाय के गांवों तक रोशनी को पहुंचाया। कौशल विकास केन्द्रों के माध्यम से युवाओं के जीवन को बदलने की दिशा में काम किया जा रहा है। दीपावली पर वनटांगिया महोत्सव का भी आयोजन किया गया। 

मिशन शक्ति कैफे और अरगा स्टोर की रूप में महिला सशक्तिकरण की दिशा में अहम पहल की गई। इन स्टोर का संचालन स्वयं सहायता समूहों द्वारा ही किया जा रहा है। जनपद के लाल बहादुर शास्त्री डिग्री कॉलेज से लेकर विकास भवन तक में इनका संचालन किया जा रहा है। जल्द ही, डीएम कार्यालय परिसर में भी शुरुआत की जाएगी। खास बात यह है कि स्वयं सहायता समूहों द्वारा तैयार अरगा ब्रांड के उत्पादों अरगा स्टोर पर उपलब्ध कराए जाते हैं। 

जिलाधिकारी द्वारा बीते 22 अक्टूबर को देश के सबसे बड़े कन्या पूजन का आयोजन कर कीर्तिमान स्थापित किया। इंडिया बुक ऑफ रिकॉर्ड्स में इस दर्ज भी किया गया है। जनपद में 11800 से ज्यादा कन्याओं का कन्या पूजन किया गया।  

विकास की नई राह तैयार करने के साथ ही जिलाधिकारी द्वारा भ्रष्टाचार के खिलाफ भी कठोर कदम उठाए गए। बीते कुछ महीनों में सामने आए एक दर्जन से ज्यादा प्रकरणों में त्वरित कार्यवाही की गई। इतना ही नहीं, निर्माण कार्यों की गुणवत्ता जैसे प्रकरणों में संबंधित के खिलाफ एफआईआर कराने जैसे कदम भी उठाए गए हैं। 

जिलाधिकारी ने जनपद में लोकसभा चुनाव 2024 को शांतिपूर्ण और निष्पक्ष ढंग से कराने में भी सफलता हासिल की। इस दौरान सुव्यवस्थित मतदाता शिक्षा एवं निर्वाचक सहभागिता (स्वीप) के माध्यम से मजबूत लोकतंत्र के निर्माण में जनपदवासियों की भागीदारी सुनिश्चित करने हेतु कई पहल की गई। ट्रांसजेंडर समुदाय को स्वीप से जोड़कर इन्हें मुख्यधारा में लाने की पहल की गई। वहीं, युवाओं, महिलाओं से लेकर दिव्यांगजनों की सहभागिता भी सुनिश्चित की गई। इसी कोशिश का नतीजा है कि एक ओर जहां देश भर में ज्यादातर लोकसभा सीटों पर मतदान प्रतिशत में गिरावट आई, वहीं गोण्डा अपनी पुरानी स्थिति बरकरार रखने में सफल रहा।