बुधवार, 10 जुलाई 2024

अंबेडकर नगर :जनपद में 109 नव चयनित लेखपालों को प्रदान किया गया नियुक्ति पत्र,खिल उठे चेहरे।||Ambedkar Nagar: Appointment letters were given to 109 newly selected Lekhpals in the district, their faces lit up.||

शेयर करें:

अंबेडकर नगर :
जनपद में 109 नव चयनित लेखपालों को प्रदान किया गया नियुक्ति पत्र,खिल उठे चेहरे।।
।। ए के चतुर्वेदी ।।
दो टूक :  अंबेडकर नगर 10 जुलाई 2024। उत्तर प्रदेश अधीनस्थ सेवा चयन आयोग द्वारा निष्पक्ष एवं पारदर्शी भर्ती प्रक्रिया के अंतर्गत चयनित 109 लेखपालो का नियुक्ति पत्र वितरण कार्यक्रम कलेक्ट्रेट सभागार में आयोजित किया गया। जिसके मुख्य अतिथि एमएलसी डॉ. हरिओम पांडे, विशिष्ट अतिथि जिला पंचायत अध्यक्ष श्याम सुंदर वर्मा उर्फ साधु वर्मा,जिलाधिकारी अविनाश सिंह, भाजपा जिला अध्यक्ष त्र्यंबक तिवारी, अपर जिलाधिकारी डॉ. सदानंद गुप्ता उपस्थित रहे। जनपद अंबेडकर नगर के तहसील अकबरपुर में 26 लेखपाल, तहसील आलापुर में 28 लेखपाल, तहसील जलालपुर में 23 लेखपाल, तहसील टांडा में 20 लेखपाल तथा तहसील भीटी में 12 लेखपाल की नियुक्ति होना है। माननीय मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ जी उत्तर प्रदेश सरकार के कर कमल द्वारा नव चयनित लेखपालों को नियुक्ति पत्र वितरण कार्यक्रम लोक भवन सभागार लखनऊ में आयोजित किया गया है ,जिसका सजीव प्रसारण कलेक्ट्रेट सभागार अंबेडकरनगर में दिखाया गया। सर्वप्रथम माननीय मुख्यमंत्री जी ने नव चयनित लेखपालों को नियुक्ति पत्र वितरित कर सम्मानित किया गया। माननीय मुख्यमंत्री ने नियुक्ति पत्र प्राप्त करने वाले सभी 7720 नव चयनित युवा लेखपालों को बधाई देते हुए शुभकामनाएं दी। उन्होंने कहा कि राजस्व विभाग एक महत्वपूर्ण विभाग है। जिसमें लेखपालों की भूमिका बहुत महत्वपूर्ण है बिना किसी भेदभाव के सभी को रोजगार उपलब्ध कराया जा रहा है।इस अवसर पर माननीय मुख्यमंत्री जी ने नवचयनित लेखपालों को उनके कर्तव्यों के प्रति आगाह किया। उन्होंने कहा कि ये नियुक्ति प्रक्रिया पूरी ईमानदारी और पारदर्शिता के साथ संपन्न हुई है।इसमें कहीं कोई भेदभाव नहीं हुआ, कोई सिफारिश की आवश्यकता नहीं पड़ी। ऐसे में ये आपकी जिम्मेदारी बनती है कि बिना किसी सिफारिश के प्रदेश में ईज ऑफ डूइंग बिजनेस के साथ ही एक गरीब की ईज ऑफ लिविंग के लिए आपको अपने स्तर पर विशेष कार्य करना है।
       सजीव प्रसारण के उपरांत माननीय एमएलसी,जिला पंचायत अध्यक्ष, जिलाधिकारी, भाजपा जिला अध्यक्ष,अपर जिलाधिकारी तथा उप जिलाधिकारी द्वारा कलेक्ट्रेट सभागार में उत्तर प्रदेश अधीनस्थ सेवा चयन आयोग द्वारा निष्पक्ष एवं पारदर्शी भर्ती प्रक्रिया के अंतर्गत नव चयनित 109 लेखपालों को नियुक्ति पत्र वितरित किया गया। कार्यक्रम के दौरान माननीय एमएलसी द्वारा नव चयनित सभी लेखपालों को बधाई देते हुए शुभकामनाएं दी गई। उन्होंने कहा कि पारदर्शी तरीके से सभी लेखपाल कार्य करें, किसानों तथा आम जनमानस के साथ अच्छा व्यवहार करें।
       जिला पंचायत अध्यक्ष तथा भाजपा जिला अध्यक्ष ने भी नव चयनित सभी लेखपालों को हार्दिक बधाई देते हुए कहा कि नियुक्ति प्रक्रिया पूरी ईमानदारी और पारदर्शी के साथ संपन्न हुई है इसमें कहीं कोई भेदभाव नहीं हुआ है।
       जिलाधिकारी ने जनपद अंबेडकर नगर में नव चयनित सभी लेखपालों को राजस्व परिवार में सम्मिलित होने पर हार्दिक बधाई दी गई। उन्होंने नव चयनित लेखपालों से अपनी जिम्मेदारियों का ईमानदारी से निर्वहन करने की अपील की। उन्होंने कहा कि आपका जनता के बीच नजदीकी जुड़ाव होता है। किसी को पट्टे की जमीन देनी है, किसी को वरासत का कार्य करना है, किसी के नामांतरण का कार्य करना है, कृषि को अकृषि घोषित करते हुए निवेश की संभावना को आगे बढ़ाना है, कहीं पर पैमाइश की कार्यवाही को बढ़ाना है। ग्रामीण और शहरी क्षेत्रों में एक फुट, दो फुट के लिए हिंसक घटनाएं होती हैं। अगर हम समय पर पैमाइश करके सीमांकन कर लें तो कोई विवाद नहीं होगा। 
अपर जिलाधिकारी द्वारा भी जनपद अंबेडकर नगर के विभिन्न तहसीलों के 109  नव चयनित सभी लेखपालों को हार्दिक बधाई देते हुए उनके कर्तव्यो के बारे में विस्तार पूर्वक जानकारी दी।
    कार्यक्रम के दौरान मौके पर समस्त उप जिलाधिकारी तथा नव चयनित लेखपाल उपस्थित रहे।