शुक्रवार, 20 सितंबर 2024

गोण्डा- प्रभारी मंत्री ने बाढ़ पीड़ितों को वितरित की राहत सामग्री, दिया हर संभव मदद का भरोसा

शेयर करें:
दो टूक, गोण्डा- प्रदेश सरकार के कारागार मंत्री व गोण्डा के प्रभारी मंत्री दारा सिंह चौहान ने शुक्रवार को अपने दो दिवसीय दौरे पर गोंडा पहुंचकर पहले दिन बाढ़ प्रभावित इलाकों का निरीक्षण कर वहां के हालातों का जायजा लिया। उन्होंने जनप्रतिनिधियों और अधिकारियों के साथ बाढ़ पीड़ितों को राहत‌ सामग्री भी वितरित की और उन्हे हर संभव मदद प्रदान करने का भरोसा दिलाया। 

सर्वप्रथम करनैलगंज तहसील के नकहरा गांव में बाढ़ चौकी पर पहुंचकर प्रभारी मंत्री ने बाढ़ प्रभावित क्षेत्र का निरीक्षण किया और राहत सामग्री वितरित की। उन्होंने करनैलगंज के बाढ़ पीड़ितों को सांत्वना देते हुए उन्हे हर संभव सहायता का भरोसा दिया। इसके बाद प्रभारी मंत्री तरबगंज तहसील के बाढ़ प्रभावित क्षेत्र में लोगों के बीच पहुंचे। उन्होंने ब्यौदा माझा  के बाढ़ प्रभावित लोगों को राहत सामग्री वितरित की। इस दौरान उन्होंने कहा कि सरकार द्वारा पूरे प्रदेश के बाढ़ प्रभावित क्षेत्र पर विशेष ध्यान दिया जा रहा है। बाढ़ प्रभावित लोगो को खाद्य सामग्री व हर सम्भव मदद दी जा रही है।

कहा की प्रदेश के मुख्यमंत्री केवल आमजन ही नहीं बल्कि पशुओं के लिए भी चिंतित है। पशुओं के लिये पर्याप्त भूसे व चारे की व्यवस्था करने के निर्देश अधिकारियों को दिए गए हैं। जिले के अधिकारी द्वारा दिन रात लगातार लोगों को राहत पहुंचाई जा रही है। सरकार द्वारा लोगों को पर्याप्त खाद्य सामग्री उपलब्ध कराई जा रही है जिससे कि उन्हें कोई भी कठिनाई का सामना न करना पड़े। उन्होंने कहा कि सभी सभी लोग मिलजुल कर बाढ़ से निपटने में सहयोग करें।  

प्रभारी मंत्री ने कहा कि पहले की सरकारों की अपेक्षा में इस सरकार में बाढ़ पीडितों को पर्याप्त से अधिक मात्रा में राहत सामग्री प्रदान की जा रही है। लोगों को हर तरह की सम्भव मदद प्रदान की जा रही हैं। प्रभारी मंत्री ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि वह बाढ़ प्रभावित क्षेत्र में रहकर बाढ़ पीड़ितों को निरंतर सहायता उपलब्ध करायें। यदि किसी ग्रामीण को चिकित्सा सुविधा की जरूरत हो तो उसे तत्काल अस्पताल पहुंचाकर चिकित्सा सुविधा प्रदान कराई जाए।

इस दौरान जिला पंचायत अध्यक्ष घनश्याम मिश्र, सांसद कैसरगंज करण भूषण सिंह, विधायक तरबगंज प्रेम नारायन पाण्डेय, एमएलसी अवधेश कुमार सिंह उर्फ मंजू सिंह, जिलाधिकारी नेहा शर्मा, जिलाध्यक्ष भाजपा अमर किशोर कश्यप व अन्य अधिकारी उपस्थित रहे।