शनिवार, 21 सितंबर 2024

गोण्डा- जनपद के प्रभारी मंत्री ने की विकास कार्यों, कानून व्यवस्था तथा बाढ़ कार्यों की समीक्षा, दिए निर्देश

शेयर करें:
दो टूक, गोण्डा- मंत्री कारागार विभाग उत्तर प्रदेश / प्रभारी मंत्री जनपद गोंडा दारा सिंह चौहान ने कलेक्ट्रेट सभागार में जनपद के समस्त विभागों के अधिकारियों के साथ जनपद के विकास कार्यों की विभागवार गहन समीक्षा की। उन्होंने विभागों में संचालित योजनाओं के बारे में विस्तृत जानकारी करते हुए संबंधित विभाग के अधिकारियों को निर्देश दिए कि सरकार द्वारा चलाई जा रही महत्वाकांक्षी योजनाओं को जनपद के सभी पात्र लाभार्थियों तक अवश्य पहुंचाया जाय। इसके साथ ही उन्होंने तहसील तरबगंज एवं करनैलगंज के बाढ़ प्रभावित क्षेत्र में किए गए कार्यों के संबंध में समीक्षा करते हुए बाढ़ प्रभावित क्षेत्रों में बाढ़ पीड़ितों को बाढ़ राहत सामग्री, दवा वितरण तथा पशुओं के लिए चारे की व्यवस्था के संबंध में गहन समीक्षा की।

समीक्षा के दौरान उन्होंने संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिए हैं कि दोनों तहसीलों के बाढ़ प्रभावित क्षेत्रों में आप सभी लोग बराबर भ्रमणशील रहते हुए ग्रामीणों एवं पशुओं का बराबर देखभाल करने के लिए संबंधित कर्मचारियों को लगाया जाय। इसके साथ ही मंत्री द्वारा कानून व्यवस्था की समीक्षा करते हुए पुलिस अधीक्षक विनीत जायसवाल से जनपद में कानून व्यवस्था के संबंध में विस्तृत जानकारी ली गई तथा उन्होंने निर्देश दिया कि जनपद में कानून व्यवस्था पर विशेष ध्यान देने की जरूरत है, ताकि जनपद में एक अच्छा माहौल एवं शांति वातावरण बना रहे।

समीक्षा के दौरान जिला पंचायत अध्यक्ष घनश्याम मिश्र, विधायक कटरा बाजार बावन सिंह, विधायक तरबगंज प्रेम नारायण पांडेय, विधायक गौरा प्रभात वर्मा, विधायक करनैलगंज अजय सिंह, एमएलसी अवधेश कुमार सिंह उर्फ मंजू सिंह, जिलाधिकारी नेहा शर्मा,  
पुलिस अधीक्षक विनीत जायसवाल, मुख्य विकास अधिकारी अंकिता जैन, मुख्य चिकित्साधिकारी डॉ रश्मि वर्मा, अपर जिलाधिकारी आलोक कुमार, जिलाध्यक्ष भाजपा अमर किशोर कश्यप, सांसद कैसरगंज प्रतिनिधि संजीव सिंह, जिला विकास अधिकारी सुशील कुमार श्रीवास्तव, परियोजना निदेशक डीआरडीए चंद्रशेखर, मुख्य पशु चिकित्साधिकारी, जिला पंचायत राज अधिकारी लालजी दुबे, जिला आपदा विशेषज्ञ राजेश श्रीवास्तव सहित जनपद के समस्त विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।