बुधवार, 25 सितंबर 2024

गोण्डा- पं दीनदयाल उपाध्याय के जयंती पर गोष्ठी का आयोजन

शेयर करें:
दो टूक, गोण्डा- एकात्म मानवतावाद के प्रणेता एवं जनसंघ के संस्थापक प० दीनदयाल उपाध्याय की जयंती जिले मे अनेक जगह मनाई गई और उनके चित्र पर श्रद्धासुमन अर्पित कर उन्हें याद किया गया। इसी क्रम मे महाराजा देवी बख्श सिंह इंटर कॉलेज बेलसर में विद्यालय के प्रधानाचार्य अजीत सिंह की अध्यक्षता में पंडित दीनदयाल उपाध्याय की जयंती मनाई गई। यहाँ प्रार्थना स्थल पर गोष्ठी का आयोजन किया गया। इस अवसर पर छात्र-छात्राओं को संबोधित करते हुए श्री सिंह ने कहा कि पंडित दीनदयाल उपाध्याय सादा जीवन, उच्च विचार और दृढ़ संकल्प व्यक्तित्व के धनी थे। वे एक मेधावी छात्र, संगठक लेखक, पत्रकार, विचारक, राष्ट्रवादी और एक उत्कृष्ट मानवतावादी थे। उनके सामाजिक, राजनीतिक और व्यक्तिगत जीवन में सबसे कमजोर और सबसे गरीब व्यक्ति की चिन्ता सदैव रहती थी। उन्होंने अंत्योदय के सिद्धांत पर अपना संपूर्ण जीवन गांव, गरीब, किसान, दलित, पीड़ित, शोषित और वंचित के उत्थान के लिए न्योछावर कर दिया। स्वदेशी आर्थिक मॉडल को अपनाने की आवश्यकता को ध्यान में रखते हुए उन्होंने एकात्म-मानववाद को रेखांकित किया। उनका संपूर्ण जीवन हमारे लिए प्रेरणादायक है। 

इस दौरान विद्यालय के छात्र-छात्राओं एवं शिक्षकों ने उनके चित्र पर पुष्पांजलि अर्पित कर उन्हें नमन किया। इस अवसर पर जिला क्रीड़ा सचिव राजेश चंद्र पांडेय के साथ विद्यालय के समस्त शिक्षक, शिक्षणेत्तर कर्मचारी तथा छात्र-छात्राएं उपस्थित रहे।। गोण्डा से प्रदीप पांडेय की रिपोर्ट।।