बुधवार, 2 अक्तूबर 2024

गोण्डा- गांधीजी व शास्त्रीजी की जयंती पर कलेक्ट्रेट में डीएम ने किया पौधरोपण, सड़क सुरक्षा पखवाड़ा पर वाहन को हरी झंडी दिखाकर किया रवाना

शेयर करें:
दो टूक, गोण्डा- राष्ट्र के दो महापुरूषों राष्ट्रपिता महात्मा गांधी व पूर्व प्रधानमंत्री लाल बहादुर शास्त्री की जयंती पूरे जनपद में हर्षोल्लास के साथ मनाई गई। इस अवसर पर सभी सरकारी, अर्ध सरकारी कार्यालयों तथा शैक्षिक संस्थानों में राष्ट्रीय ध्वज फहराया गया। राष्ट्रीय ध्वज फहराने के साथ ही राष्ट्र की स्वतंत्रता और अखंडता के लिए लोगों ने संकल्प शपथ लिया। जिलाधिकारी नेहा शर्मा ने कलेक्ट्रेट में राष्ट्रध्वज फहराया तथा राष्ट्रपिता महात्मा गांधी व भारतरत्न पूर्व प्रधानमंत्री लाल बहादुर शास्त्री जी के चित्र का अनावरण कर माल्यार्पण किया गया।
उन्होंने कहा कि राष्ट्रपिता महात्मा गांधी नेे सत्य, अहिंसा और सत्याग्रह को हथियार बनाकर आजादी की लड़ाई में अपना योगदान दिया। उन्होंने गांव को आर्थिक रूप से आत्मनिर्भर बनाने और मूलभूत सुविधाएं विकसित करने हेतु ग्राम स्वराज की अवधारणा से देश की आत्मनिर्भरता के लिए सार्थक प्रयास किए जिसकी आज भी प्रासंगिकता है। देश की आत्मनिर्भरता के लिए स्वदेशी का महत्वपूर्ण योगदान है।

उन्होंने शास्त्री जी के सादा जीवन उच्च विचार तथा देश के लिए किए गए योगदान का उल्लेख किया। उन्होंने कहा कि आज के दिन लिये गए संकल्प के अनुसार सभी लोग अपने-अपने दायित्वों का निर्वहन कर देश के विकास में अपना योगदान दें।जिलाधिकारी ने दोनों महापुरुषों के जयंती के अवसर पर सभी को शुभकामनाएं और बधाई देते हुए कहा कि राष्ट्रपिता महात्मा गांधी जी केवल भारत तक ही सीमित नहीं थे बल्कि उनके आदर्श पूरी दुनिया के लिए प्रासंगिक है। उन्होंने भारत रत्न शास्त्री जी की सादगी और उनकी देश सेवा को भी स्मरण किया।

कलेक्ट्रेट में आयोजित कार्यक्रम में संकल्प दोहराने के पश्चात जिलाधिकारी ने कहा कि सत्य का प्रयोग करते हुए आग्रह पूर्वक कार्य करें। गांधी जी ने कभी कथनी करनी में अंतर नहीं रखा। आज हमारी अस्मिता लुप्त होती जा रही है। व्यक्ति जो दिखता है, वह होता नहीं और जो होता है, वह दिखता नहीं। अतः हम मौलिक बनें। हम दूसरों से उसी समान पेश आएं, जैसा हम अपने लिए चाहते हैं। हम माइक पर उदात्त आदर्श की बात करते हैं किंतु जब क्रियान्वयन का समय आता है, तब भूल जाते हैं। सामाजिक नियंत्रण का ताना बाना भी कमजोर हो गया है। इसलिए अब कानून की ज्यादा जरूरत पड़ती है। बापू की ग्राम स्वराज की संकल्पना आज हमारे जीवन में हर जगह दृष्टिगोचर होती है। आज की पंचायत प्रणाली गांधी जी की ही देन है। शास्त्री जी ने जय जवान, जय किसान का नारा देकर सीमा सुरक्षा के साथ ही खाद्यान्न के मामले में निर्भर बनाने का काम किया। आज उन्हीं की बदौलत हम लगातार आत्मनिर्भर होते चले गए। कार्यक्रम के दौरान कलेक्ट्रेट सभागार में राजकीय बालिका इंटर कॉलेज की छात्राओं ने देश भक्ति गीत प्रस्तुत किये। जीजीआईसी की छात्राओं द्वारा बापू के प्रिय भजनों की मनमोहक प्रस्तुति की गई। जिलाधिकारी ने सभी छात्राओं एवं शिक्षिकाओं को उपहार भेंटकर सम्मानित किया।

इस अवसर पर अपर जिलाधिकारी आलोक कुमार, मुख्य राजस्व अधिकारी महेश प्रकाश, सिटी मजिस्ट्रेट विजय शर्मा, अपर उपजिलाधिकारी सुशील कुमार, विश्वमित्र, मुख्य कोषागार अधिकारी,  कलेक्ट्रेट के समस्त कर्मचारी व अधिकारीगण सहित अन्य अधिकारियों ने भी अपने विचार व्यक्त किए। 

(इनसेट)===
जिलाधिकारी नेहा शर्मा ने "सड़क सुरक्षा पखवाड़ा" के अवसर पर कलेक्ट्रेट परिसर से ऑटो रिक्शा वाहन को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। साथ ही उन्होंने सभी संबंधित विभाग के अधिकारियों को निर्देश दिए की सड़क सुरक्षा पखवाड़ा के संबंध में विशेष अभियान चलाकर आमजन के लोगों को जागरूक करें। ताकि लोगों के अंदर सड़क सुरक्षा पखवाड़ा के संबंध में एक भावना जागृत हो सके। कलेक्ट्रेट में कार्यक्रम के दौरान जिलाधिकारी नेहा शर्मा ने परिवहन विभाग के अधिकारियों को निर्देश दिए हैं कि सड़क सुरक्षा पखवाड़ा अभियान के दौरान लोगों को स्वयं सुरक्षित चलें एवं दूसरों को सुरक्षित चलने के लिए प्रेरित करें तथा यातायात नियमों का पालन करने के लिए अधिक से अधिक लोगों को जागरूक किया जाए। साथ ही उन्होंने बताया है कि सड़क सुरक्षा पखवाड़ा का कार्यक्रम 2 अक्टूबर से 16 अक्टूबर 2024 तक मनाया जाएगा। कार्यक्रम के दौरान उमाशंकर यादव, संभागीय परिवहन अधिकारी देवीपाटन संभाग, शैलेन्द्र तिवारी, यात्री कर अधिकरी, गोण्डा, संजय कुमार, संभागीय निरीक्षक, सौरभ, लवकुश, अजय सिंह, वजीर अहमद, पशुपतिनाथ, सभाजीत त्रिपाठी सहित अन्य लोग उपस्थित रहे।