मंगलवार, 4 मार्च 2025

गोण्डा- जिला अस्पताल से बच्चे का अपहरण करने के आरोपी अभियुक्त को किया गया गिरफ्तार

शेयर करें:
गोण्डा- जिला अस्पताल से हाल मे ही तीन वर्षीय एक बच्चा गायब हुवा था। पुलिस ने उक्त बच्चे को कुछ घंटो मे सकुशल बरामद कर लिया था। बच्चे का अपहरण करने के आरोपी अभियुक्त के तलाश मे पुलिस टीम लगी हुई थी। थाना को0 नगर पुलिस ने 4 मार्च को अपहरण करने के आरोपी अभियुक्त को गिरफ्तार कर विधिक कार्रवाई की है।
      अपर पुलिस अधीक्षक पूर्वी मनोज कुमार रावत ने यह जानकारी देते हुए बताया की थाना को0 नगर पुलिस ने दर्ज मुकदमे से सम्बंधित आरोपी अभियुक्त अमर वर्मा पुत्र लाल वर्मा निवासी केशवपुर पहड़वा थाना को0 नगर जनपद गोण्डा को रेडवेज बस स्टैण्ड से गिरफ्तार कर लिया है। एएसपी ने बताया की बीते 27 फरवरी 2025 को थाना वजीरगंज क्षेत्र की रहने वाली एक महिला द्वारा थाना को0 नगर में लिखित तहरीर दी गयी थी कि वह अपने 3 वर्षीय बच्चे के साथ दवा कराने जिला अस्पताल गोण्डा आयी हुई थी। वहां से किसी अज्ञात व्यक्ति द्वारा उसके बच्चे को चुरा लिया गया है। पीड़ित मां की तहरीर पर थाना को0 नगर में सुसंगत धाराओं में अभियोग पंजीकृत हुआ था। पुलिस अधीक्षक विनीत जायसवाल ने प्रकरण को संज्ञान में लेकर बच्चे की सकुशल बरामदगी हेतु पुलिस टीमों का गठन किया था। घटना के एक दिन बाद 28 फरवरी को पुलिस टीमों के प्रयासों से गायब बच्चे को 24 घण्टे के अन्दर केशवपुर पहड़वा से सकुशल बरामद किया गया था। बच्चे के अपहरण करने का आरोपी व्यक्ति मौके से गायब हो गया था, जिसकी तलाश शुरू थी। इसी के क्रम मे 4 मार्च को थाना को0 नगर पुलिस द्वारा अपहरण करने के आरोपी अभियुक्त अमर वर्मा को रोडवेज बस स्टैण्ड से गिरफ्तार कर लिया गया। गिरफ्तार अभियुक्त के विरूद्ध पुलिस द्वारा विधिक कार्यवाही की गई।