गोण्डा- डीएम नेहा शर्मा की पहल से ‘शक्ति रसोई’ की शुरुआत हो गई है। अब जरूरतमंदों को यहाँ सस्ता और पौष्टिक भोजन मिलेगा। गोण्डा जिला अस्पताल में 6 मार्च को इसका उद्घाटन जिलाधिकारी ने किया। इस दौरान सीएमओ सहित अन्य लोग मौजूद रहे। डीएम ने कहा की अब जिला अस्पताल में आने वाले जरूरतमंद मरीजों और उनके तीमारदारों को सस्ते दरों पर पौष्टिक भोजन यहाँ उपलब्ध कराया जाएगा। गौरतलब है की जिलाधिकारी की पहल पर ‘शक्ति रसोई’ की शुरुआत की गई है। इस रसोई का संचालन दीनदयाल अंत्योदय योजना - राष्ट्रीय शहरी आजीविका मिशन के तहत किया जाएगा, जिसके लिए सभी आवश्यक संसाधन सूडा (SUDA) द्वारा उपलब्ध कराए गए हैं। इस रसोई का संचालन ‘रंजना स्वयं सहायता समूह’ द्वारा किया जाएगा, जिसमें सीमा, नुसरत और सोनी शामिल हैं। डीएम ने कहा की यह पहल महिलाओं को आत्मनिर्भर बनने का अवसर प्रदान करेगी, जिससे वे आर्थिक रूप से सशक्त हो सकेंगी। ‘शक्ति रसोई’ का मुख्य उद्देश्य जरूरतमंदों और कमजोर वर्गों को राहत प्रदान करना है। यहां सस्ते, स्वच्छ और संतुलित भोजन की व्यवस्था की जाएगी, ताकि अस्पताल आने वाले मरीजों और उनके परिजनों को भोजन की समस्या का सामना न करना पड़े। जिलाधिकारी ने इस पहल को सामाजिक सहयोग का अनूठा उदाहरण बताते हुए कहा कि ‘शक्ति रसोई’ से जरूरतमंदों को पौष्टिक भोजन मिलेगा और महिलाओं को रोजगार का अवसर प्राप्त होगा। यह योजना समाज में सकारात्मक बदलाव लाने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम साबित होगी। शक्ति रसोई की इस पहल का स्थानीय नागरिकों और समाजसेवियों ने स्वागत किया है। उनका मानना है कि इससे गरीबों को राहत मिलेगी और महिलाओं के आर्थिक सशक्तिकरण को भी बढ़ावा मिलेगा। बता दे की गोण्डा में शक्ति रसोई की यह तीसरी इकाई है। इससे पहले लाल बहादुर शास्त्री डिग्री कॉलेज परिसर और कलेक्ट्रेट परिसर में भी इसकी शुरुआत हो चुकी है।