गुरुवार, 13 मार्च 2025

मऊ :मिलावट का धंधा चोखा,उपभोक्ताओं को दे रहे धोखा।।||Mau:The business of adulteration is flourishing, consumers are being cheated.||

शेयर करें:
मऊ :
मिलावट का धंधा चोखा,उपभोक्ताओं को दे रहे धोखा।।
◆रंग-गुलाल की दुकान पर लगी भीड़। 
।। देवेन्द्र कुशवाहा।।
दो टूक : मऊ जनपद के कोपागज बाजार में होली पर्व को भुनाने के लिए मिलावटखोर भी सक्रिय हो गए हैं। खाने-पीने की चीजों में तरह-तरह की मिलावट हो रही है। त्योहार पर बड़े पैमाने पर मिलावटी माल की खपत होने की संभावना है।
मिलावटी वस्तुओं से बाजार अटा-पड़ा है। न कोई रोक है न कोई कार्रवाई। आम आदमी दहशत में है। उपभोक्ता क्या खाए, किससे परहेज करे?
त्यौहारी सीजन शबाब पर है। मिलावट खोरों ने अपना जाल देहात से लेकर  व कस्बों तक फैला दिया है। हर घर तक मिलावटी वस्तुओं की खेप पहुंचा कर मालामाल होने का ख्वाब पाले मिलावट खोर एक बार फिर सक्रिय हो गए हैं। बाजार माफियों के हावी होने से उपभोक्ताओं को शुद्ध वस्तुएं बाजार में ढूंढने से नहीं मिल रही है। मिलावट उपभोक्ताओं की कमर तो तोड़ ही रही है। खाद्य वस्तुओं व पेय पदार्थो में मिलावट बच्चों से लेकर बुजुर्गो तक का सेहत बिगाड़ रहा है। दो गुने भाव पर भी बगैर मिलावट की वस्तुएं ढूंढे नहीं मिल रही हैं। मिलावटी वस्तुएं मानव का सेहत बिगाड़ रही हैं। गंभीर बीमारियों को बढ़ावा दे रही हैं। खतरनाक साबित होने वाले रसायन, पाउडर, चूर्ण का प्रयोग हर कोई जाने-अनजाने प्रयोग कर रहा है।

किसमें किसकी मिलावट

मरीच में हूबहू रंग वाले पपीते के बीज व पोश्ता दाना में रामदाने, दाल चीनी में पेड़ की छाल, तेज पत्ता में यूकेलिप्टस के पत्ती की मिलावट की जा रही है। ऐसे ही हल्दी पाउडर में ब्रान व चावल का मिश्रण, बेसन में मक्के का आटा, आटा में जौ की मिलावट, डालडा व खोवा में कृत्रिम उत्पादों की मिलावट, दूध में पानी की मिलावट, मधु में चीनी के सीरे की मिलावट, सेव को आकर्षक व चमकीला बनाने के लिए मोम का लेपन, सब्जी में विविध रंगों की मिलावट, हरी सब्जियों को तेजी से बढ़ने के लिए आक्सीटोसीन की डोज। दूध में खतरनाक रसायन की मिलावट, सरसों के तेल में भड़भड़वा की मिलावट की बात आम है।
पिसे हुए मसालों के साथ-साथ दूध, मावा और मिठाइयों में मिलावट हो सकती है। जिले की कुछ डेयरियों पर भी मिलावटी दूध को खपाने के लिए तैयारी चल रही है। त्योहार पर बाजार में खरीदारी के लिए जाने वाले आम लोग भी मिलावटी सामान बेचने वालों से सावधान रहें। खाने-पीने का सामान खरीदते समय पूरी तरह जांच-पड़ताल के बाद ही शुद्ध सामान खरीदें। मिलावटी खाद्यान्न के इस्तेमाल से होली के इस सीजन में आपकी सेहत खराब हो सकती है।
◆मिलावटी रंग-गुलाल से बचकर रहें
होली पर रंग-गुलाल की भी खूब बिक्री होती है। ऐसे में मिलावटी रंग और गुलाल भी बाजार में आ गए हैं। मिलावटी रंगों का प्रयोग करने से त्वचा पर एलर्जी हो जाती है। इन रंगों में केमिकल की अधिक मात्रा होने से चेहरा भी झुलस जाता है और चेहरे पर घाव भी बन जाते हैं।