सुल्तानपुर :
मंत्री संजय निषाद के विवादित बयान से कांग्रेसियों का फूटा गुस्सा,प्रदर्शन कर राज्यपाल को भेजा ज्ञापन।
◆योगी सरकार गुंडे माफियाओं को दे रही संरक्षण : अभिषेक सिंह राणा।
दो टूक : योगी सरकार में सहयोगी दल से कैबिनेट मंत्री संजय निषाद के विवादित बयान को लेकर कांग्रेसी सड़क पर उतर गए और जमकर नारेबाजी करते विरोध प्रदर्शन किया। कांग्रेस जिलाध्यक्ष अभिषेक सिंह राणा के नेतृत्व एवं शहर अध्यक्ष शकील अंसारी की मौजूदगी में दर्जनों की संख्या में कांग्रेस कार्यकर्ता व नेता जिला कांग्रेस कमेटी से नारेबाजी करते हुए कलेक्ट्रेट पहुंचे जहां उन्होंने जमकर विरोध प्रदर्शन करते हुए जिलाधिकारी के प्रतिनिधि के तौर पर पहुंचे एडीएम प्रशासन गौरव शुक्ला के माध्यम से महामहिम राज्यपाल को 4 चार सूत्रीय संबोधित ज्ञापन भेजकर कैबिनेट मंत्री संजय निषाद को बर्खास्त करने तथा विधिक कार्रवाई करने की मांग की है। ज्ञापन में उल्लेख किया गया है मंत्री संजय निषाद के विवादित बयान को संज्ञान में लेकर प्रथामिकी दर्ज करवाकर कानूनी कार्रवाई करवाई जाए और पीड़ित पुलिस दरोगाओं को न्याय दिलाया जाए। कैबिनेट मंत्री संजय निषाद को तत्काल मंत्री पद से इस्तीफा सुनिश्चित कराया जाए। कार्यपालिका के कार्यों में विधायिका का हस्ताक्षेप बंद कराया जाए आदि मांगों को लेकर कांग्रेसियों ने राज्यपाल को संबोधित ज्ञापन सौंपा। इस दौरान मीडिया से बात करते हुए कांग्रेस जिलाध्यक्ष अभिषेक सिंह राणा ने कहा कि योगी सरकार खुद गुंडे माफियाओं को संरक्षण दे रही है जिसका महिमा मंडन उनके सहयोगी कैबिनेट मंत्री संजय निषाद ने खुले मंच से किया है। मंत्री संजय निषाद के उक्त बयान से ही स्पष्ट होता है कि प्रदेश में लचर कानून व्यवस्था को परिभाषित करने के लिए पर्याप्त है। प्रदेश में दिन प्रतिदिन लूट हत्या डकैती बलात्कार जैसी घटनाएं घटित हो है, सरकार कानून व्यवस्था कायम करने में पूरी तरह से नाकाम है। शहर अध्यक्ष शकील अंसारी ने कहा कि प्रदेश की योगी सरकार गुंडे माफियाओं को पाल रही है।
इंसेट
*मृतक पत्रकार के परिजनोंको एक करोड़ मुआवजा व सरकारी नौकरी की मांग*
विगत दिनों सीतापुर के पत्रकार राघवेंद्र बाजपेई की सरेआम हत्या कर दी गई थी सरकार उनके परिजनों को एक करोड़ की सहायता राशि और मृतक परिजन के किसी एक व्यक्ति को सरकारी नौकरी देने की मांग की है। इस मामले पर कांग्रेस जिलाध्यक्ष अभिषेक सिंह राणा ने कहा कि योगी सरकार कानून व्यवस्था कायम करने का झूठा ढोंग करती है जब लोकतंत्र का चौथा स्तंभ सुरक्षित नहीं है तो भला देश का आम नागरिक कैसे सुरक्षित महसूस करें, सरकार आरोपियों के खिलाफ कठोर कार्रवाई कर पीड़ित पत्रकार को न्याय दिलाये।
इंसेट
*पूर्व विधानसभा प्रत्याशी निकलेश सरोज ने मंत्री संजय निषाद पर प्रथामिकी दर्ज करने की दी तहरीर*
जिला पंचायत सदस्य एवं कांग्रेस नेत्री निकलेश सरोज ने कैबिनेट मंत्री संजय निषाद के विवादित बयान को लेकर पुलिस अधीक्षक को तहरीर देकर प्रथामिकी दर्ज करने हेतु आवश्यक विधिक कार्यवाही किए जाने की मांग की है। मंत्री संजय निषाद का विवादित बयान सोशल मीडिया पर वायरल हुआ जिसे लेकर आम जनमानस में अत्यधिक रोष व्याप्त है। कांग्रेस नेत्री निकलेश सरोज ने कहा कि योगी सरकार में सहयोगी कैबिनेट मंत्री संजय निषाद का यह विवादित बयान गैर जिम्मेदाराना बयान है जिसकी हम निंदा करते हैं। जिला प्रशासन इनके विरुद्ध प्रथामिकी दर्ज कर आवश्यक कार्यवाही करें। प्रदर्शन में वरिष्ठ नेता गण हरीश त्रिपाठी,नफीस फारुकी,एस.सी मिश्र,हौसिला प्रसाद भीम, कुमारी निकलेश सरोज,सुब्रत सिंह सनी, पवन मिश्र कटावा, मंसूर अहमद, अशोक सिंह, इमरान अहमद, ममनून आलम,मनोज कुमार तिवारी, जनार्दन शुक्ल, अमोल बाजपेयी, अजय मिश्र, सुनील चौहान, लालता पाठक,नंद लाल मौर्य, जमीदार यादव, राम भवन पांडे, मेराज अहमद, विभु पांडेय, देवेंद्र तिवारी, नितिन मिश्र, संतोष तिवारी,मनीष तिवारी,राम सजीवन,विकास मिश्र आदि लोग शामिल रहे।