सोमवार, 7 अप्रैल 2025

गोण्डा- जिले की नन्ही बिटिया आन्या ने राष्ट्रीय तीरंदाजी प्रतियोगिता में स्वर्ण पदक जीतकर जनपद का नाम किया रोशन

शेयर करें:
गोण्डा।
जनपद के इटियाथोक ब्लॉक क्षेत्र अंतर्गत रमवापुर नायक पंचायत के बैरागीजोत की नन्ही बिटिया आन्या वर्मा ने अपनी प्रतिभा से क्षेत्र और जनपद का नाम गौरवान्वित किया है। अपने पिता के साथ बेंगलुरु में रहकर पढ़ाई और तीरंदाजी की तैयारी कर रही आन्या ने राष्ट्रीय स्तर पर स्वर्ण पदक हाल मे ही जीता है।

आन्या के पिता अजीत कुमार वर्मा ने बताया कि आन्या ने हाल ही में गुंटूर (आंध्र प्रदेश) में आयोजित तीरंदाजी राष्ट्रीय चैम्पियनशिप के अंडर-10 वर्ग में रिकर्व रैंकिंग राउंड में स्वर्ण पदक जीता। लगभग 8 वर्षीय आन्या ने 360 में से 352 का स्कोर बनाकर राष्ट्रीय कीर्तिमान स्थापित करते हुए शीर्ष स्थान प्राप्त किया। वहाँ के पीकेएस विद्यालय की तीसरी कक्षा की छात्रा आन्या ने रिकर्व एलिमिनेशन राउंड में रजत पदक भी प्राप्त किया। यह प्रतियोगिता 20 मार्च से 24 मार्च के बीच आंध्र प्रदेश के गुंटूर जिले में आयोजित हुई थी।

इस प्रतियोगिता के अंडर-10 श्रेणी में देशभर से 600 से अधिक प्रतिभागी शामिल हुए थे। भारत के 28 राज्यों से प्रतियोगी शामिल हुए, जिनमें कर्नाटक से अंडर-10 श्रेणी में केवल 3 तीरंदाज़ों ने भाग लिया। उन्हीं में से एक गोण्डा जिले की आन्या वर्मा ने रैंकिंग राउंड में प्रथम स्थान प्राप्त किया और एलिमिनेशन राउंड में रजत पदक हासिल किया।

आन्या ने कुल दो पदक प्राप्त किए — एक स्वर्ण और एक रजत। कर्नाटक के इतिहास में यह पहली बार हुआ है कि किसी बालिका तीरंदाज़ ने राष्ट्रीय प्रतियोगिता में स्वर्ण पदक जीता है। यही नहीं, अंडर-10 बालिका वर्ग में 352/360 का स्कोर कर एक नया राष्ट्रीय कीर्तिमान भी स्थापित किया है। यह प्रदर्शन अपने आप में राष्ट्रीय स्तर पर एक रिकॉर्ड बन गया है।

आन्या के पिता ने बताया कि कर्नाटक तीरंदाजी संघ और कर्नाटक ओलंपिक संघ ने आन्या को 20,000 रुपए की नकद प्रोत्साहन राशि तथा करीब 80,000 रुपए मूल्य का तीरंदाजी उपकरण प्रदान किया है।

दरअसल, अजीत वर्मा, जो कि एक सॉफ्टवेयर इंजीनियर हैं, बीते 5 वर्षों से अपनी पत्नी और पुत्री के साथ बेंगलुरु में रहकर सेवा कार्य कर रहे हैं। अजीत के माता-पिता अभी भी गाँव में रहते हैं और समय- समय पर इनका आना-जाना भी यहाँ होता रहता है।

आन्या की आयु मात्र आठ वर्ष है और उसने हाल ही में कक्षा 3 की परीक्षा दी है। उसके पिता ने बताया कि वह बेंगलुरु में ओलंपिक स्तर की तीरंदाजी की तैयारी कर रही है। आन्या को प्रशिक्षक सुभाष एम. और राजेश मार्गदर्शन दे रहे हैं। वह तीरंदाजी संघ ऑफ इंडिया में पंजीकृत है और सभी प्रतियोगिताएँ संघ के माध्यम से ही आयोजित की जाती हैं।

गौरतलब है कि इसी गाँव के निवासी पीपी वर्मा के 12 वर्षीय पुत्र रोविन वर्मा पहले से ही जिले मे हर तरफ चर्चा में हैं। उन्हें "नन्हे क्रिकेटर" के नाम से भी जाना जाता है। वे गोण्डा क्रिकेट संघ के लिए ओपनिंग बल्लेबाज़ की भूमिका निभाते हैं और अंडर-16/19 श्रेणी में जनपद का प्रतिनिधित्व करते हैं।। गोण्डा से प्रदीप पांडेय की रिपोर्ट।।